Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने ईमानदारी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अलग-अलग स्थानों पर खोए मोबाइल फोन पर्स और नकदी बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस लौटाए। पुलिस की इस कार्रवाई से चार लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर सभी ने टिहरी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी गढ़वाल पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का परिचय देते हुए अलग-अलग स्थानों पर खोए मोबाइल फोन पर्स और नकदी को बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से रेलवे नवयुगा कंपनी में कार्यरत धनंजय साहनी निवासी मुजफ्फरनगर का खोया हुआ रेडमी नोट 14 5जी मोबाइल फोन बरामद किया। इसके बाद मोबाइल फोन उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने मां चंद्रबदनी मंदिर में दर्शन करने आईं प्रीति पुंडीर का खोया हुआ मोबाइल फोन और आठ हजार रुपये की नकदी वाला पर्स तलाश कर उन्हें वापस लौटाया। उनका मोबाइल फोन और पर्स कहीं गिर गया था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बरामद कर लिया। इसी थाना क्षेत्र में मां चंद्रबदनी मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालु अभय प्रताप का स्मार्ट मोबाइल फोन मंदिर परिसर के आसपास कहीं गिर गया था। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता से तलाश कर मोबाइल फोन बरामद किया और उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। उधर मुनि की रेती के नाव घाट पर ड्यूटी के दौरान जल पुलिस को एक मोबाइल फोन लावारिस अवस्था में मिला। पुलिस ने पूछताछ और सत्यापन के बाद मोबाइल फोन के स्वामी राजू भाई निवासी गुजरात को उनका मोबाइल वापस लौटा दिया। अपना खोया हुआ मोबाइल फोन पर्स और नकदी वापस मिलने पर सभी लोगों ने खुशी जताई। उन्होंने टिहरी पुलिस की तत्परता संवेदनशीलता और सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। टिहरी पुलिस का यह प्रयास आमजन के प्रति उसकी संवेदनशीलता और मानवीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता और सेवा के लिए भी लगातार तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *