प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने नरेंद्रनगर क्षेत्र में नरेंद्रनगर-गुजराड़ा मोटर मार्ग और नरेंद्रनगर बाजार स्थित मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को सड़क के गड्ढों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भरने और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गड्ढों को भरते समय संबंधित सड़क की स्थिति के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाए ताकि मरम्मत कार्य टिकाऊ रहे और सड़कों पर दोबारा गड्ढे बनने की संभावना न रहे। उन्होंने निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने मरम्मत कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने और कार्यस्थल पर सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अपर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था से जुड़े अधिकारियों को क्षेत्र की सड़कों का नियमित निरीक्षण करने और गड्ढों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
