Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने चार माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पंजाब के मोहाली से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म के आरोपी 21 वर्षीय सुहैल को भी गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। मामले के अनुसार 22 जून 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली भगवानपुर में अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने और वापस नहीं लौटने के संबंध में लिखित तहरीर दी थी। इसके आधार पर एक जुलाई 2026 को अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को नाबालिग बालिका की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही डिजिटल माध्यमों से साक्ष्य जुटाए। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और डीसीआरबी के माध्यम से भी जानकारी एकत्र की गई। इसके अतिरिक्त संभावित स्थानों पर दबिश देकर बालिका की तलाश लगातार जारी रखी गई। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यदविंदर एन्क्लेव में टाउन स्क्वायर मॉल के निकट एसएएस नगर मोहाली पंजाब से आरोपी सुहैल को हिरासत में लिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना के दौरान अपहरण और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित कानूनी प्रावधान भी जोड़े गए हैं। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैल पुत्र इसरार निवासी ग्राम मोहल्ला रेतेवाला थाना कैराना जनपद शामली उत्तर प्रदेश उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष नेगी कांस्टेबल विनय थपलियाल और महिला कांस्टेबल सोनम शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *