Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।पौड़ी जिले में ऐतिहासिक बूंखाल मेला शनिवार को भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ।हजारों श्रद्धालुओं ने मां कालिका के दर्शन किए और प्रीतम भारतवान के जागरों पर देर तक थिरकते हुए भक्ति का आनंद लिया। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के आग्रह पर इस पावन स्थल के विकास हेतु जो सहयोग क्षेत्रवासियों और टीम ने दिया,वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बनेगा। उन्होंने बताया कि मां काली का भव्य मंदिर क्षेत्र की आस्था का केंद्र बनकर उभर रहा है। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मंदिर निर्माण कार्य लगभग 80% पूरा हो चुका है और अगले वर्ष मेला इससे भी अधिक ऐतिहासिक रूप में आयोजित किया जाएगा,क्योंकि तब तक मंदिर का लोकार्पण भी हो जाएगा। उन्होंने भूमि देने वाले ग्रामीणों,समिति सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। डॉ.रावत ने यह भी बताया कि आचार्य बालकृष्ण ने पिछले वर्ष मंदिर निर्माण हेतु 51 लाख रुपये का योगदान दिया था। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष तक क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए बूंखाल में मोबाइल टावर स्थापित कर दिया जाएगा। मेले में प्रीतम भारतवान ने देवी-देवताओं के जागरों से वातावरण को भक्तिमय किया और बूंखाल काली माता पर आधारित नया गीत ‘भगवती तू दैनि होली’ भी प्रस्तुत किया।उन्होंने बताया कि यह गीत मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के आग्रह पर तैयार किया गया है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला,ब्लॉक प्रमुख लता रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए। वहीं राजेश्वरी देवी,भारत सिंह रावत,डॉ.शिवचरण नौटियाल,मातवर सिंह रावत,कमल चौहान,विकास हंस,मनीष बिष्ट,नरेंद्र रावत,अनिल भंडारी,मीना गैरोला,विमल नेगी,विजय रौथान,विनय घिल्डियाल,आनंद नेगी आदि गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विकास अंश और सतेंद्र रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp