Spread the love

प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में मंदिर चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गया शत प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है। लंढौरा निवासी सुनील वालिया की ओर से कोतवाली मंगलौर में दी गई शिकायत में बताया गया कि लंढौरा स्थित काली माता मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर से सामान चोरी कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर चोरी में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोबिन उर्फ मोनू निवासी लंढौरा,कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया पीली धातु का बड़ा घंटा और चोरी की गई श्रृंखला बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी में उप निरीक्षक महिपाल सिंह,हेड कांस्टेबल शूरबीर और कांस्टेबल दिनेश चौहान शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp