Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।ऑपरेशन रिकवरी के तहत हरिद्वार पुलिस ने खोए मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। कोतवाली नगर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 100 खोए मोबाइल फोन बरामद कर मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किए,जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पचास लाख रुपये है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर ऑपरेशन रिकवरी के अंतर्गत सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। बरामद किए गए मोबाइल फोन उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश,गुजरात,तमिलनाडु,केरल,पश्चिम बंगाल,बिहार,मध्य प्रदेश,राजस्थान,हरियाणा सहित अन्य राज्यों से ट्रेस किए गए हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन अन्य देश हांगकांग से भी बरामद किया गया। बरामद 100 मोबाइल फोन में से 26 मोबाइल फोन के स्वामी पश्चिम बंगाल,गुजरात,उत्तर प्रदेश के सीतापुर,लखीमपुर खीरी,कन्नौज,बनारस,बिहार और तमिलनाडु जैसे दूरस्थ राज्यों के निवासी होने के कारण स्वयं कोतवाली नगर हरिद्वार नहीं आ सके। ऐसे मोबाइल फोन स्वामियों तक उनके फोन कोरियर सेवा के माध्यम से भेजे जाएंगे। मोबाइल फोन वापस मिलने पर देश के विभिन्न राज्यों से आए मोबाइल स्वामियों ने कोतवाली नगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। बरामद मोबाइल फोन में वन प्लस के 12,आईफोन के 4,इन्फिनिक्स का 1,मोटोरोला के 4,नथिंग के 4,ओप्पो के 19,पोको का 1,रियलमी के 14,रेडमी के 4,सैमसंग के 13 और वीवो के 24 मोबाइल फोन शामिल हैं। इस प्रकार कुल 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए,जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पचास लाख रुपये है।इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर हरिद्वार रितेश शाह के नेतृत्व में उप निरीक्षक नंदकिशोर ग्वाडी,उप निरीक्षक चरण सिंह चौहान,उप निरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजल्वाण,उप निरीक्षक संजीत कंडारी,कांस्टेबल राकेश सिंह और कांस्टेबल निर्मल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp