Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र दल ने आईआईटी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल द्वारा आयोजित नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज में चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के बाद छात्र दल ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.प्रकाश सिंह से शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने छात्र दल को इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों की मेहनत,नवोन्मेषी सोच और उद्यमशीलता क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ विश्वविद्यालय में नवाचार और उद्यमशीलता की संस्कृति को भी सशक्त करती हैं। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एम.एम.सेमवाल ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन,समर्पण और निरंतर प्रयास ही सफलता का मूल आधार होते हैं। इस अवसर पर टीम लीडर सूरज कुमार ने बताया कि इस सफलता में टीमवर्क की अहम भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान आई चुनौतियों,प्राप्त अनुभवों और सीख को साझा किया तथा अपने नवोन्मेषी विचार का एक प्रोटोटाइप कुलपति के समक्ष प्रस्तुत किया।चर्चा के बाद कुलपति ने उनके विचार को और विकसित करने तथा पेटेंट प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के फैकल्टी एडवाइजर डॉ.दिगर सिंह ने छात्रों के प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए टीम के प्रयासों और सामूहिक सहभागिता की सराहना की। इस अवसर पर अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.हेमवती नंदन,टेक्नोलॉजी प्री-इन्क्यूबेशन सेल के समन्वयक डॉ.रोहित महर,डॉ.भास्करन और डॉ.वरुण बर्थवाल,विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा तथा सहायक कुलसचिव एस.पी.बादल भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्र दल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। यह उपलब्धि एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और विश्वविद्यालय में नवाचार,उद्यमशील शिक्षा तथा छात्र-नेतृत्वित पहलों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp