Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में लगभग एक वर्ष पूर्व हुए लैब टेक्नीशियन की हत्या के जटिल मामले का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या जनवरी 2025 में ग्राम गढ़मीरपुर में गोली मारकर की गई थी,जिसकी शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग सामने नहीं आ पाया था।दिनांक 18 जनवरी 2025 को लैब टेक्नीशियन वसीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के पिता मुस्तकीम की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच,मोबाइल कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया,लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई संदिग्ध कड़ी हाथ नहीं लग सकी। मामले की प्रगति से असंतोष व्यक्त करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जांच को दोबारा गहन रूप से शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस बल और सीआईयू टीम को जांच में लगाया गया। दोबारा सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के सूक्ष्म विश्लेषण के दौरान एक ग्रे रंग की जुपिटर स्कूटी जांच के घेरे में आई, जिससे पूरे मामले की गुत्थी सुलझने लगी। दिनांक 22 दिसंबर 2025 की रात सुमननगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध जुपिटर स्कूटी संख्या यूके 08 ए क्यू 2050 के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अभिमन्यु पुत्र अर्जुन सिंह,निवासी ग्राम सकौती,पोस्ट गुरुकुल नारसन,थाना मंगलौर,जनपद हरिद्वार,उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2015 में होमगार्ड में भर्ती हुआ था। वर्ष 2024 में उसकी दोस्ती एक महिला होमगार्ड से हुई थी। उसे ज्ञात हुआ कि महिला की पूर्व में मृतक वसीम से दोस्ती थी और उसके मोबाइल में वसीम के साथ फोटो और संदेश मौजूद थे। मृतक द्वारा महिला को लगातार कॉल और संदेश भेजकर परेशान किए जाने से आरोपी के मन में आक्रोश उत्पन्न हुआ और उसने वसीम की हत्या की योजना बना ली।आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से वसीम की जानकारी जुटाई और उसकी दिनचर्या की रेकी की। दिनांक 17 जनवरी 2025 की शाम आरोपी ने महिला की स्कूटी को दूसरी चाबी से खोलकर चौकी बाजार बहादराबाद से मृतक की मोटरसाइकिल का पीछा किया।ग्राम गढ़ के पास अवसर पाकर आरोपी ने चलती मोटरसाइकिल पर वसीम को देशी तमंचे से गोली मार दी,जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की जुपिटर स्कूटी बरामद की है। आरोपी की निशानदेही पर धनौरी तेली वाला रोड,करवला स्थित जंगल से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा 315 बोर मय जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम,प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार,वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान,उप निरीक्षक अर्जुन कुमार,उप निरीक्षक विकास रावत,कांस्टेबल दीप गौड,कांस्टेबल महेंद्र तोमर,कांस्टेबल रविंद्र बिष्ट और कांस्टेबल नरेंद्र राणा इस कार्रवाई में शामिल रहे। सीआईयू टीम,निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट,उप निरीक्षक पवन डिमरी,कांस्टेबल वसीम,कांस्टेबल उमेश और कांस्टेबल हरवीर ने जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में जटिल से जटिल मामलों के खुलासे और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp