Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार श्रीनगर गढ़वाल।हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में पेशी के दौरान हुई फायरिंग की गंभीर घटना को पुलिस प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता से लेते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। इस प्रकरण में जहां एक ओर लापरवाही पाए जाने पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कदम उठाए गए हैं,वहीं दूसरी ओर घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 24 दिसंबर 2025 की है,जब एक मुलजिम को पेशी के लिए लक्सर न्यायालय ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हथियारबंद आरोपियों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी,जिसमें मुलजिम विनीत त्यागी गोली लगने से घायल हो गया।यह घटना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक को दर्शाती है। घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल सख्त रुख अपनाया।प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को जांच सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।दूसरी ओर,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व और प्रभावी पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों को थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से,बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सनी यादव और विनीत त्यागी के बीच पैसों का लेनदेन चल रहा था। पैसे की मांग को लेकर विवाद बढ़ गया था,जिसके बाद सनी यादव लगातार विनीत त्यागी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसे जानकारी मिली कि विनीत त्यागी रुड़की जेल में बंद है और 24 दिसंबर 2025 को लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए लाया जाएगा। इसी जानकारी के आधार पर सनी यादव ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से इस फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में काशीपुर क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में जेल जा चुके हैं।पूछताछ के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं,जिनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी सनी यादव उर्फ शेरा,निवासी गुलजारपुर,थाना काशीपुर,जनपद उधमसिंह नगर,उम्र 28 वर्ष है। उसके खिलाफ हत्या,अपहरण,फिरौती और डकैती से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी अजय,निवासी खरमासा कॉलोनी,थाना कोतवाली काशीपुर,जनपद उधमसिंह नगर,उम्र 24 वर्ष है,जिसका आपराधिक रिकॉर्ड भी डकैती के मामले से जुड़ा है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं,जिनमें एक तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा कारतूस तथा 32 बोर का हथियार मय दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp