Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मेडिकल कॉलेज के सभागार में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए और प्रतियोगिता के प्रभाव एवं महत्व पर चर्चा की। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी’ का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न खेलों के आयोजन पर विचार-विमर्श किया गया। इस चैंपियनशिप के अंतर्गत खो-खो,कबड्डी,पिट्ठू,एथलेटिक्स और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। प्रतियोगिता ग्राम पंचायत स्तर से प्रारंभ होकर विद्यालय और विधानसभा स्तर तक संपन्न होगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे चलकर सांसद ट्रॉफी,मुख्यमंत्री ट्रॉफी और प्रधानमंत्री ट्रॉफी में भाग लेंगे। प्रतियोगिता अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगी। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना,अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों की छुपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाना है। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के युवा खिलाड़ी इस पहल के माध्यम से प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp