Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। वीर बाल बलिदान दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने रेस कोर्स,देहरादून स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर श्रद्धा पूर्वक माथा टेका और सिख इतिहास के वीर बालकों व बहादुर योद्धाओं को स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के साहिबज़ादों के अतुलनीय बलिदान को नमन किया। गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप शांत वातावरण में अरदास की गई।सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने देश,समाज और मानवता की मंगलकामना करते हुए वीर बालकों के शौर्य,साहस और धर्म के प्रति अडिग आस्था को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस उन अमर बलिदानों की याद दिलाता है,जिन्होंने अत्याचार के सामने झुकने के बजाय धर्म और सत्य की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबज़ादों का त्याग सिख इतिहास का गौरवशाली अध्याय है,जो राष्ट्र की एकता,सांस्कृतिक विरासत और धर्म रक्षा का प्रतीक है। उनके बलिदान से आने वाली पीढ़ियों को साहस,सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। गुरुद्वारा साहिब में उपस्थित श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी वीर बालकों के बलिदान को नमन किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य,स्थानीय श्रद्धालु और भाजपा महानगर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की शांति,सद्भाव और एकता के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp