Spread the love

प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। दिनांक 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे ज्वालापुर–बहादराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिदेव मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। बहादराबाद से ज्वालापुर की ओर जा रहे एक थ्री-व्हीलर को पीछे से एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना घने कोहरे के बीच रात्रिकालीन समय में हुई,जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। उपचार के दौरान थ्री-व्हीलर चालक केशव निवासी नगीना,जनपद बिजनौर,वर्तमान निवासी ज्वालापुर की मृत्यु हो गई। दुर्घटना में थ्री-व्हीलर में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संबंध में मृतक के परिजन जयपाल पुत्र किशन निवासी नगीना,जनपद बिजनौर द्वारा दिनांक 9 दिसंबर 2025 को थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। रात का समय और घना कोहरा होने के कारण प्रारंभ में वाहन की पहचान करना कठिन रहा।इसके बाद पुलिस टीम ने टोल प्लाजा से हरिद्वार की ओर आने वाले वाहनों का डाटा एकत्र किया और सैकड़ों वाहन स्वामियों से संपर्क कर जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के दौरान एक वाहन चालक से अहम सूचना मिली,जिसने दुर्घटना को अपनी आंखों से देखने की बात बताई। जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि नीले रंग की ब्रेजा कार से यह दुर्घटना हुई थी। पुनःसीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने पर वाहन संख्या DL3CCP2172 की पुष्टि हुई।इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन को दिल्ली से बरामद किया और वाहन चालक संजीव पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी संगम विहार,महरौली,दिल्ली को हिरासत में लिया। मामले में विधिक कार्यवाही जारी है। इस सफल अनावरण में पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट,उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह,कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp