Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है।विश्वविद्यालय के फार्मास्यूटिकल साइंसेज़ विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ.गौरव जोशी का चयन भारतीय राष्ट्रीय युवा विज्ञान अकादमी की सदस्यता के लिए पांच वर्षों की अवधि के लिए किया गया है। डॉ.गौरव जोशी ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए सदस्यता चयन प्रक्रिया अत्यंत प्रतिस्पर्धी रही,जिसमें चयन दर लगभग 5 प्रतिशत रही। चयनित नव-सदस्यों में देश के अग्रणी संस्थान जैसे आईआईटी,केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालय,राष्ट्रीय प्रयोगशालाएँ तथा सीएसआईआर और आईसीएआर से जुड़े प्रमुख अनुसंधान संस्थानों के वैज्ञानिक शामिल हैं। गढ़वाल विश्वविद्यालय उन नौ संस्थानों में शामिल है,जिन्हें पहली बार भारतीय राष्ट्रीय युवा विज्ञान अकादमी में प्रतिनिधित्व मिला है। इस दृष्टि से डॉ.गौरव जोशी का चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है,बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का विषय है।डॉ.जोशी एक औषधीय रसायन वैज्ञानिक हैं और औषधि खोज (ड्रग डिस्कवरी) के क्षेत्र में कैंसररोधी एवं सूजनरोधी उपचारों के विकास पर सक्रिय अनुसंधान कर रहे हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह सहित समस्त शिक्षकगण,कर्मचारी और शोधकर्ताओं ने डॉ.गौरव जोशी को इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp