Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धर्मनगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में पिछले एक माह से अधिक समय से महा स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस अभियान की नियमित निगरानी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा की जा रही है,जिसके चलते सफाई कार्य का प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नव वर्ष के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि जन सहभागिता से ही हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और आदर्श जनपद बनाया जा सकता है। अभियान के तहत आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा लक्सर क्षेत्र एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के किलोमीटर 21 क्षेत्र में सफाई कराई गई। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा दूधाधारी चौक और भूपतवाला क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य किया गया। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।राजाजी पार्क के कर्मचारियों द्वारा मनसा देवी पैदल मार्ग में फैले कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान को गति देते हुए बहादराबाद विकास खंड में नालियों सहित सफाई कराई गई,जबकि रुड़की क्षेत्र में भी व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। महिला मंगल दलों द्वारा भगवानपुर विकास खंड क्षेत्र में सफाई कार्य किया गया। औद्योगिक क्षेत्र में सिडकुल प्रबंधन द्वारा सेक्टर 11 में सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई,नालियों की सफाई और आसपास के क्षेत्रों की सफाई कराई गई। इसके अतिरिक्त रोटरी क्लब हरिद्वार द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया और सभी को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। नवोदय नगर में भी स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से सफाई अभियान चलाकर इसमें सहभागिता निभाई। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि गांव-गांव और घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाएं तथा हरिद्वार को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए चल रहे महा स्वच्छता अभियान में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp