प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल।भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के आह्वान पर रविवार को लैंसडाउन चौक,देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर और संवेदनशील मामले को राजनीतिक रूप देने के विरोध में किया गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में राज्य सरकार ने शुरुआत से ही गंभीरता दिखाई है। मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है और जांच प्रक्रिया लगातार जारी है। इसके बावजूद कांग्रेस तथ्यों की अनदेखी कर केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है,जो निंदनीय है।उन्होंने कहा कि यह विषय राजनीति का नहीं बल्कि न्याय का है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार और जांच एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से कार्य कर रही हैं।कांग्रेस को इस संवेदनशील मुद्दे पर गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी से बचना चाहिए और जांच प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में सीबीआई जांच चाहती है तो उसे न्यायालय के माध्यम से इसकी मांग करनी चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से बयानबाजी कर उत्तराखंड की शांति को भंग करने का प्रयास कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। कांग्रेस द्वारा जनता के बीच भ्रम और भ्रांति फैलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सच में न्याय चाहती है तो उसे संवैधानिक और कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए। एक बेटी के सम्मान को ठेस पहुंचाकर अपनी समाप्त होती राजनीति को बचाने का प्रयास उत्तराखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा,लेकिन जांच को प्रभावित करने का कोई भी प्रयास स्वीकार्य नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया पुतला दहन कांग्रेस की अवसरवादी और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनाक्रोश का प्रतीक है। भाजपा का संदेश साफ है कि कांग्रेस जनता को गुमराह करना बंद करे और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट,राज्य मंत्री विनोद उनियाल,डॉ.दिव्या नेगी,बबली चौहान,नीलू साहनी,कमलेश रमन,सुमन सिंह,यासमीन आलम,बिजेंदर थपलियाल,सुनील शर्मा,मोहित शर्मा,जगदीश सेमल,संकेत नौटियाल,ओम कक्कड़,आदित्य चौहान,आर्चर डाबर,अक्षत जैन,कुलदीप पाल,शमी डबल,आशीष शर्मा,मनीष पाल, राहुल पवार सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंकिता भंडारी मामले के राजनीतिकरण के विरोध में देहरादून में भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस पुतला दहन
