Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखण्ड में शीतकालीन यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने जनपद के पंच केदार और पंच बद्री क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कल्पेश्वर महादेव,ध्यान बद्री और भविष्य बद्री मंदिरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था,यात्रा प्रबंधन,भीड़ नियंत्रण और पुलिस तैनाती की जमीनी स्थिति का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर महादेव मंदिर से की गई,जो वर्षभर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहता है। मंदिर परिसर में शिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले को देखते हुए भीड़ प्रबंधन,यातायात व्यवस्था,श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंदिर परिसर में रह रहे साधु–महात्माओं से संवाद करते हुए उन्होंने सभी का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उर्गम घाटी क्षेत्र में ट्रैकर्स,पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही तथा बड़ी संख्या में संचालित होम-स्टे को देखते हुए चौकी प्रभारी उर्गम को निर्देशित किया गया कि सभी होम-स्टे निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित हों,कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन कराया जाए और बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए,ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने ध्यान बद्री मंदिर में पहुंचकर दर्शन किए और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।हेलंग से उर्गम तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग का अवलोकन करते हुए संभावित दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए,जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा सुरक्षित रह सके। निरीक्षण के क्रम में भविष्य बद्री मंदिर पहुंचकर भी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही को देखते हुए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हेलंग स्थित पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया गया,जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत,चौकी प्रभारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp