प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जनपद में जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है,ताकि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इसी क्रम में विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज,रतूड़ा में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी द्वारा की गई।शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं,शिकायतें एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।शिविर के दौरान कुल 80 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित एवं प्रेषित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने सूचना एवं सेवा स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं,उनकी पात्रता,आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही,पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन द्वारा आमजन के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की प्रभावी पहल की जा रही है,जिससे शासन-प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और सहभागिता को और अधिक मजबूत किया जा सके।
रुद्रप्रयाग में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रतूड़ा में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
