Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद रुद्रप्रयाग में संचालित जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर सामने आया है।इस अभियान के तहत दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की सीधी पहुँच सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 16 दिसंबर 2025 को न्याय पंचायत तैला,जखोली से की गई थी।इसके बाद फलई,चोपड़ा,कोट बांगर,रतूड़ा,फाटा,चोपता, मयकोटी,दैड़ा, ल्वारा,कंडारा और मनसूना सहित अब तक कुल 12 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाया जा रहा है। अब तक आयोजित शिविरों में 5085 नागरिकों ने सहभागिता की है। इस दौरान 783 जनसमस्याएं दर्ज की गईं,जिनमें से 585 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया,जबकि शेष समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। शिविरों में 860 नागरिकों से विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन प्राप्त किए गए,वहीं 3581 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला। अभियान के अंतर्गत विवाह पंजीकरण,राशन कार्ड केवाईसी,एलपीजी केवाईसी,आधार कार्ड निर्माण,किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों सहित अन्य योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा ग्रामीणों के मोबाइल में भूदेव ऐप इंस्टॉल कर उसकी जानकारी भी दी गई। शिविरों में 24 से अधिक विभागों की सहभागिता रही,जहां विभागीय स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया।जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाया जाए। उन्होंने बताया कि यह अभियान 45 दिनों तक चलेगा,जिसके तहत दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनहित और जनपद के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp