Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नव वर्ष के अवसर पर जनपद में महा स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य जनपद को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाना है। अभियान का असर धरातल पर भी दिखने लगा है और जिलाधिकारी स्वयं इसकी निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों,धार्मिक संस्थाओं,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों से अपील की है कि वे सफाई अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के साथ पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन में भी भागीदारी आवश्यक है,ताकि हरिद्वार को क्लीन और मॉडल जनपद बनाया जा सके। जनपद में आज कई स्थानों पर सफाई अभियान चलाया गया।बीएचईएल द्वारा एचएससीएल कालोनी सेक्टर 2 से एचआरडीसी चौराहा सेक्टर 1 तक सफाई का कार्य किया गया।राजकीय पॉलिटेक्निक,सिडकुल के पास फैले लगभग 180 टन कूड़ा उठाया गया। यह कार्य बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन विभाग द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सहायता से किया गया,जिसमें नगर पालिका परिषद,शिवालिक नगर का सहयोग भी शामिल था। सफाई अभियान के दौरान कूड़े का उचित निस्तारण कर क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम किया गया।विकास खण्ड नारसन के खानमपुरम में महिला मंगल दल के महिलाओं ने भी अपने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इसके अलावा एनएचएआई ने हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग ज्वालापुर क्षेत्र में और लोक निर्माण विभाग ने पुराने आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर क्षेत्र में सफाई का कार्य किया। वन विभाग ने नीलेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में वन क्षेत्रांतर्गत सफाई अभियान चलाया।जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि गांव-गांव और घर-घर इस अभियान का संदेश पहुंचाएं और जनपद हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp