Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।11 जनवरी 2026 की रात्रि को थाना गोपेश्वर और फायर सर्विस गोपेश्वर को सूचना मिली कि नर्सिंग कॉलेज पटियालधार,गोपेश्वर के समीप जंगल में भीषण आग लगी हुई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी पटियालधार,थाना गोपेश्वर से पुलिस बल तथा फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम फायर टेंडर के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।घटनास्थल पर आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और लपटें तेजी से नर्सिंग कॉलेज की स्टाफ कॉलोनी,आसपास के आवासीय भवनों और स्थानीय लोगों की गौशालाओं की ओर बढ़ रही थीं। स्थिति को भांपते हुए पुलिस कर्मियों ने पेड़ों की टहनियों और पारंपरिक तरीकों से आग के फैलाव को रोकने का प्रयास किया,जबकि फायर सर्विस के जवानों ने फायर टेंडर की होजरील से लगातार पंपिंग कर साहस, सूझबूझ और आपसी समन्वय के साथ आग पर नियंत्रण की कार्रवाई शुरू की। पुलिस और फायर टीम के त्वरित और समन्वित रिस्पांस के चलते आग के फैलाव को समय रहते रोक लिया गया और स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े जान-माल के नुकसान को टालते हुए आवासीय क्षेत्र,शैक्षणिक संस्थान और पशुधन को सुरक्षित किया जा सका। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और फायर सर्विस की सतर्कता,टीमवर्क और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp