Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी आर चौहान एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 28 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व,भूमि विवाद,विद्युत,पेयजल,अतिक्रमण सहित अन्य जनसमस्याएं सामने आईं। ग्राम बंजारेवाला ग्रांट के ग्रामीणों ने श्मशान घाट में हैंडपंप लगाए जाने की मांग रखी। ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के ग्रामीणों ने खसरा संख्या 185/186 चकरोड़ पर होलिका दहन स्थल बनाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। भीमगोड़ा निवासी प्रभात कुमार ने अपनी माता के निधन के बाद लंबित देयकों के भुगतान को लेकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम धनपुरा और दोगीवाला के ग्रामीणों ने मार्ग की पैमाइश कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। इसके अलावा लालढांग निवासी सुमन देवी ने कृषि भूमि में गंदा पानी आने से हो रहे नुकसान की शिकायत की। कनखल क्षेत्र की ज्ञानलोक फेस-2 कॉलोनी के निवासियों ने अवैध रूप से बनाए गए रास्ते को बंद कराने को लेकर अपनी समस्या रखी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के सिंह,मुख्य वित्त अधिकारी अजय कुमार,एलडीएम दिनेश गुप्ता,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी,प्रोजेक्ट मैनेजर पेयजल निगम गंगा मीनाक्षी मित्तल,लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार,उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp