Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।धर्मनगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में पिछले एक माह 26 दिनों से निरंतर महा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की स्वयं जिलाधिकारी द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है,जिसका असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।नव वर्ष के अवसर पर शुरू किए गए इस महा स्वच्छता अभियान के तहत शहर से लेकर गांव,कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों तक निरंतर सफाई कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों,धार्मिक संस्थाओं,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।उन्होंने कहा कि अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जा सके। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा नियमित रूप से सफाई कार्य किए जा रहे हैं।बीएचईएल प्रशासन द्वारा खोखा मार्केट और ओल्ड पीएनबी बिल्डिंग,सेक्टर-5 बी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।नगर निगम की ओर से प्रेमनगर पुल सर्विस रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से लगातार सफाई कार्य किया जा रहा है। खानपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकंदरपुर,प्रहलादपुर और गोरधनपुर में सफाई कराई गई। रुड़की विकासखंड में ग्राम पंचायत अकबरपुर झोझा और लाठरदेवा शेख में स्वच्छता अभियान चलाया गया,जबकि नारसन विकासखंड में ग्राम पंचायत गोपालपुर,बुक्कपुर और राजपुर मुस्तफाबाद क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गांव-गांव और घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाएं और इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें,ताकि जनपद हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और स्वास्थ्यमय बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp