Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल।सूबे के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र ही 365 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती होगी। विभाग ने संकायवार रोस्टर सहित भर्ती प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शीघ्र ही उक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधियाचन उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को भेजा जाएगा। सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ.धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत स्थायी फैकल्टी की नियुक्ति करना है,जिसके क्रम में सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर,हल्द्वानी,देहरादून,अल्मोड़ा,हरिद्वार,रुद्रपुर तथा पिथौरागढ़ में कुल 27 संकायों के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसरों के रिक्त 365 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। विभाग द्वारा तैयार संकायवार रोस्टर में बैकलॉग के रिक्त पदों को भी शामिल किया गया है,जिसमें अनुसूचित जाति के 115,अनुसूचित जनजाति के 10,अन्य पिछड़ा वर्ग के 67,आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 37 तथा अनारक्षित के 136 पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 567 पद स्वीकृत हैं,जिसके सापेक्ष 202 स्थायी असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत हैं,जबकि 365 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों पर चयन बोर्ड द्वारा शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नई नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी दूर होगी और छात्रों को अनुभवी व योग्य शिक्षकों का लाभ मिलेगा,जिससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार होगा। बॉक्स इन विभागों में होगी मेडिकल फैकल्टी की भर्ती
प्रदेश के सात राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न संकायों में 365 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती की जाएगी। इनमें एनाटॉमी,बायोकैमिस्ट्री,ब्लड बैंक व फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग में कुल 8 पद,फिजियोलॉजी में 13,पैथोलॉजी में 18,माइक्रोबायोलॉजी व डर्मेटोलॉजी में 6-6,फार्माकोलॉजी में 12,कम्युनिटी मेडिसिन में 21,जनरल मेडिसिन में 49,टीबी एवं चेस्ट तथा नेत्र रोग विभाग में 5-5,साइकियाट्री व डेंटिस्ट्री में 3-3,पीडियाट्रिक्स में 19,जनरल सर्जरी में 44,ऑर्थोपेडिक्स व रेडियोडायग्नोसिस में 17-17,ईएनटी,इमरजेंसी मेडिसिन,फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन व वायरोलॉजी में 7-7,प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 37,रेडियोथेरेपी में 8,एनेस्थीसियोलॉजी में 20 तथा स्टैटिस्टिशियन विभाग में 2 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp