Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।धर्मनगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में नव वर्ष के अवसर पर शुरू किया गया महा स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। यह अभियान पिछले एक माह 27 दिन से निरंतर चल रहा है,जिसकी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अभियान का असर अब शहर से लेकर गांव,कस्बों और सड़क मार्गों तक स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिलाधिकारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर,क्लीन और मॉडल जनपद के रूप में विकसित करना है। अभियान के तहत जनपदवासियों,धार्मिक संस्थाओं,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों और गैर सरकारी संगठनों से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है। लोगों से अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन में सहयोग देने का आह्वान किया गया है,ताकि सामूहिक प्रयास से हरिद्वार को साफ और सुंदर बनाया जा सके। जनपद में आज चलाए गए सफाई अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। बीएचईएल नगर प्रशासन द्वारा शिवालिक नगर से सटे बीएचईएल चौराहा से लेकर चिन्मय चौराहा तक तथा चिन्मय डिग्री कॉलेज के सामने स्थित पीठ मार्केट और उसके आसपास के क्षेत्रों में निरंतर सफाई अभियान चलाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित किया गया। खण्ड विकास अधिकारी खानपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर मराना और गोरधनपुर क्षेत्र में साफ-सफाई का कार्य किया गया। खण्ड विकास अधिकारी रूड़की के क्षेत्र में ग्राम पंचायत ताशीपुर में सफाई अभियान चलाया गया। वहीं खण्ड विकास अधिकारी बहादराबाद के अंतर्गत ग्राम पंचायत धनपुरा में व्यापक सफाई कार्य संपन्न कराया गया। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि गांव-गांव और घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाए और इस अभियान में अधिक से अधिक लोग भागीदारी निभाएं। प्रशासन का लक्ष्य जनसहयोग से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ जनपद के रूप में स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp