प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल।मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से हवन एवं खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सेवा भाव की झलक देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन से हुई। हवन के माध्यम से राष्ट्र की उन्नति,प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है,जो सकारात्मक ऊर्जा,नई शुरुआत और समाज को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य लगातार कर रही है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति,परंपरा और परिश्रम के महत्व को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना मजबूत होती है। वहीं राजपुर विधायक खजान दास ने खिचड़ी वितरण कार्यक्रम को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। कैंट विधायक सविता कपूर ने कहा कि मकर संक्रांति समाज को जोड़ने वाला पर्व है और इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से संगठन और आमजन के बीच भावनात्मक जुड़ाव और अधिक मजबूत होता है। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजन सफल रहा। मकर संक्रांति के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा भाव का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में महामंत्री संगठन अजेय कुमार,महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट,दर्जाधारी मंत्री श्याम अग्रवाल,भगवत प्रसाद मकवाना,नेहा शर्मा,सुनील शर्मा,विजेंद्र थपलियाल,राजेंद्र सिंह ढिल्लों,मोहित शर्मा,जगदीश सेमवाल,अक्षत जैन,बबलू बंसल,संकेत नौटियाल,समीर दोवाल,ओम कक्कड़,आशीष शर्मा,सुमित पुंडीर,सुमन सिंह,हिमानी वैष्णव,बबली चौहान सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
