Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।पुलिस लाइन पौड़ी में दिसंबर 2025 की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने की। इस दौरान कानून व्यवस्था,अपराध नियंत्रण,सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। गोष्ठी में बीते माह जनपद में घटित अपराधों की गहन समीक्षा की गई। अपराध प्रवृत्ति,गिरफ्तारियों की स्थिति,यातायात व्यवस्था,साइबर अपराध,महिला सुरक्षा,नशा उन्मूलन अभियान,बीट पुलिसिंग,लंबित जमानत व गैर-जमानती वारंटों की तामिली जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना,अपराधियों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।अपराध नियंत्रण को और सशक्त बनाने के लिए समस्त थाना प्रभारियों को चेकिंग,गश्त और सत्यापन अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में दिन-रात्रि गश्त बढ़ाने,संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सत्यापन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने और अभियानों की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।मुख्यालय स्तर से संचालित विशेष अभियानों की समीक्षा के दौरान की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया गया। ऑपरेशन स्माइल,इनामी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सहित अन्य अभियानों की प्रगति को संतोषजनक बताते हुए इन्हें और अधिक प्रभावी एवं समन्वित रूप से चलाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी पर भी जोर दिया गया। गोष्ठी में थाना क्षेत्रों के प्रमुख प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को आगामी सात दिनों में बैंक,ज्वैलरी शॉप,प्रमुख दुकानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिन प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं,वहां संचालकों को जागरूक कर कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। लंबित विवेचनाओं और न्यायिक तामील को लेकर गंभीरता दिखाने के निर्देश दिए गए। गंभीर अपराधों की विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने,लंबित वारंट और समन की शीघ्र तामिली सुनिश्चित करने तथा वांछित और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। जन-जागरूकता कार्यक्रमों को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उन्हें प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर कानून व्यवस्था,साइबर अपराध,महिला एवं बाल सुरक्षा,नशा उन्मूलन,यातायात नियमों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जानकारी सरल भाषा में देने के निर्देश दिए गए। दिसंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक विजय शैलानी,महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट,उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल,उपनिरीक्षक दिनेश चमोली,उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल,उपनिरीक्षक रियाज अहमद,अपर उपनिरीक्षक मनाली राठी,अपर उपनिरीक्षक सोहन लाल,मुख्य आरक्षी जयप्रकाश,प्रेम सिंह,हेमंत कुमार,संदीप चौहान,अमित नेगी,विपिन कुमार,आरक्षी हृदय भूषण,राजेश स्वामी,लोकेश गिरी,संजीव कुमार,सुरेश शाह और दिलदार सिंह शामिल रहे। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्र मोहन सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला,क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार,क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल,क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तुषार बोरा,सीएफओ राजेंद्र खाती,अभियोजन अधिकारी राजीव डोभाल सहित समस्त थाना और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp