Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आदिबद्री धाम के कपाट खुलने के एक दिन बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आदिबद्री धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। आदिबद्री धाम पहुंचने पर मंदिर समिति अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बहुगुणा और समिति के अन्य सदस्यों ने अधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। दोनों अधिकारी धाम में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में भी शामिल हुए और कुछ समय तक कथा श्रवण किया।निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक चांदपुर गढ़ी पहुंचे। यह स्थल ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से चांदपुर गढ़ी परिसर और आसपास के मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा के साथ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है।कर्णप्रयाग–आदिबद्री मार्ग पर बढ़ते यात्री दबाव और संकरी सड़क के कारण यातायात एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के साथ मौके पर ही चर्चा की गई। जाम की स्थिति से बचने के लिए नए पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित सहित मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp