प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना सिडकुल क्षेत्र अंतर्गत चौहान मार्केट में एक सात वर्षीय बालक रोते हुए मिला। बालक ने अपना नाम जतिन पुत्र कपिल कुमार उम्र सात वर्ष निवासी धनोरी मिल थाना अमरोहा देहात जनपद अमरोहा उत्तर प्रदेश बताया। बालक ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर आया हुआ था और बच्चों के साथ खेलते समय पतंग लूटने के लिए आगे निकल गया।इसी दौरान वह रास्ता भटक गया और अपने परिजनों से बिछुड़ गया। मार्केट में रोते हुए बालक को कांस्टेबल चेतन कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल जितेंद्र तोमर ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद बालक के परिजनों की तलाश के लिए रावली महदूद और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में गली गली खोजबीन की गई लेकिन परिजन नहीं मिल सके।इसी दौरान थानाध्यक्ष सिडकुल को टेलीफोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक सात वर्षीय बालक जतिन के परिजन थाने पर पहुंचे हैं। परिजनों द्वारा उपलब्ध कराई गई फोटो से बालक की पहचान कराई गई जिससे यह पुष्टि हुई कि वही बालक है। इसके बाद बालक को थाना सिडकुल लाया गया और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने सिडकुल पुलिस और हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
