Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।जनपद में वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्रीनगर क्षेत्र में पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए गुलदार की खाल के साथ चार वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चाचा-भतीजे की जोड़ी भी शामिल है। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि श्रीनगर स्थित एक होटल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति रुके हुए हैं,जिनका संबंध वन्यजीव तस्करी से हो सकता है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर और सीआईयू प्रभारी पौड़ी के नेतृत्व में होटल,ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।चेकिंग के दौरान एक होटल के कमरे से चार व्यक्तियों की तलाशी ली गई,जिनके कब्जे से गुलदार की खाल बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि गुलदार संरक्षित वन्यजीव की श्रेणी में आता है और उसकी खाल का अवैध रूप से रखना और तस्करी करना गंभीर अपराध है। बरामदगी के आधार पर चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर कोतवाली श्रीनगर में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सफरी लाल और बसंतू लाल आपस में चाचा-भतीजा हैं। दोनों ने कुछ माह पूर्व अपने गांव के पास स्थित जंगल में गुलदार का शिकार किया था। बाद में गुलदार की खाल को बेचने के उद्देश्य से वे श्रीनगर पहुंचे थे। रोशन लाल और सुरजन लाल पहले से इनके संपर्क में थे और खाल को लाखों रुपये में खरीदने की बातचीत चल रही थी। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम व पता,सफरी लाल पुत्र सेठ दाम निवासी ग्राम चापड़ हरेटीखाल पट्टी तल्ला नागपुर थाना रुद्रप्रयाग जनपद रुद्रप्रयाग,बसंतू लाल पुत्र बरदास निवासी ग्राम चापड़ हरेटीखाल पट्टी तल्ला नागपुर थाना रुद्रप्रयाग जनपद रुद्रप्रयाग,सुरजन पुत्र जलमदास निवासी मल्याकोट पट्टी नैलचामी थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल,रोशन लाल पुत्र बचन दास निवासी दाट पट्टी दुगमदार थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल,पुलिस टीम,उपनिरीक्षक रणजीत तोमर,उपनिरीक्षक मुकेश भट्ट,मुख्य आरक्षी हर्षवर्धन राणा,आरक्षी मुकेश आर्या सीआईयू,आरक्षी पंकज शर्मा,आरक्षी हरदयाल सिंह पवार,आरक्षी प्रवीन पुरी,फॉरेस्ट टीम,मनमोहन रावत,आरक्षी रोहित कुमार,आरक्षी जगदीश नेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp