Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस द्वारा जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 जनवरी 2026 को थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में कालनेमी अभियान के तहत एक वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में निवासरत तथा साधु-संत और बाबा के वेश में रह रहे व्यक्तियों का व्यापक और गहन सत्यापन किया गया। संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए तथाकथित बाबाओं और साधु-संतों को थाना लक्ष्मणझूला लाया गया,जहां उनकी पहचान,व्यक्तिगत विवरण,निवास से संबंधित दस्तावेज,पूर्व आपराधिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र में निवास की वैधता की नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से जांच की गई। इस सत्यापन अभियान के तहत कुल 90 बाबाओं और साधुओं को थाने लाकर जांच प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि धार्मिक पहचान की आड़ में कोई भी व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त न हो। पुलिस टीम ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों या धार्मिक वेश की आड़ में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले,तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित करें,ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp