Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के विकास खंड नारसन एवं लक्सर की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। अभियान के अंतर्गत कुल 4909 लोगों ने शिविरों में प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों के माध्यम से 1562 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया,जबकि 1639 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविरों में कुल 97 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से 85 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विकास खंड नारसन मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में न्याय पंचायत मखदूमपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मखदूमपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 1049 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों द्वारा 189 लोगों को प्रमाण पत्र निर्गत किए गए तथा 313 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। यहां कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया,जबकि शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए। भूमि विवाद,अतिक्रमण,विद्युत बिल,जलभराव,चकरोड़ एवं साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि यह अभियान न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित कर पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। विकास खंड लक्सर
उप जिलाधिकारी लक्सर सौरभ असवाल की अध्यक्षता में न्याय पंचायत मुंडाखेड़ा कलां के पंचायत घर खंडजा कुतुबपुर में आयोजित शिविर में 3860 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों के माध्यम से 1249 क्षेत्रवासियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा 1450 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए। यहां 66 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से 61 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया,जबकि शेष शिकायतों को त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर किया जा रहा है और सरकार की योजनाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। इस अवसर पर सूचना विभाग की पुस्तिकाओं एवं कैलेंडरों का भी वितरण किया गया। दोनों शिविरों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी,ग्राम प्रधान,पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp