Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा जारी किए गए स्थानान्तरण आदेशों के क्रम में जनपद हरिद्वार के पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित कैंप कार्यालय में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल की अगुवाई में किया गया,जिसमें स्थानान्तरित हुए अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थानान्तरित अधिकारियों को मोमेंटो भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि दोनों अधिकारियों ने जनपद हरिद्वार में अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा,अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है,जो सराहनीय है। स्थानान्तरण आदेशों के तहत हाल ही में प्रोन्नत होकर एएसपी मंगलौर की जिम्मेदारी संभाल रहे विवेक कुमार का स्थानान्तरण एसटीएफ में किया गया है,जबकि एएसपी रुड़की के पद पर तैनात नरेन्द्र पंत को अभिसूचना इकाई कुमाऊं परिक्षेत्र में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। विदाई कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने कार्यानुभव साझा किए और उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp