Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ-स्वच्छ जनपद बनाने के उद्देश्य से 7 फरवरी 2026 को जनपद भर में मेगा सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक दिन एक घंटा एक साथ थीम पर आयोजित किया जाएगा। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों,कार्यस्थलों तथा उनके अधीन संचालित संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर इस मेगा अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की सभी 318 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों,जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। जिलाधिकारी ने नगर निगम,नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक संगठनों,व्यापार मंडल,जनप्रतिनिधियों और धार्मिक संस्थानों के सहयोग से व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।इसके साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी,उप जिलाधिकारी,खंड विकास अधिकारी, महिला मंगल दल,युवक मंगल दल तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग लेने को कहा गया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को साफ-स्वच्छ जनपद बनाने की दिशा में यह सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण है और इससे जनपद को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी। जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों,सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं,जनप्रतिनिधियों,व्यापार मंडल और गैर-सरकारी संगठनों से 7 फरवरी को आयोजित मेगा सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार,मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद सेठ,मुख्य नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी,उप जिलाधिकारी रुड़की अनिल कुमार शुक्ला,उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी,उप जिलाधिकारी लक्सर सौरभ असवाल,जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल,जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह,नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित खंड विकास अधिकारी,नगर पालिका,नगर पंचायत के अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp