Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार विकासखंड भगवानपुर की न्याय पंचायत डाडा जलालपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज में जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने की। आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों को लाभ पहुंचाया गया।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से पंद्रह सौ से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया,जबकि सैकड़ों लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में लगभग दो हजार क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की और अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखीं।शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी अनेक शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से बड़ी संख्या में शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। भूमि विवाद,अतिक्रमण,बिजली बिल,जलभराव,चकरोड़ और साफ सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि यह अभियान प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में चलाया जा रहा है,जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है। शिविर के दौरान राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारा विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया गया तथा क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई। उप जिलाधिकारी भगवानपुर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान शिविर के दौरान नहीं हो पाया है,उनका शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों,पंचायत प्रतिनिधियों,विभागीय कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp