Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कैंसर रोग विभाग द्वारा श्रीकोट बाजार में जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ बेस चिकित्सालय परिसर से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों,पैरामेडिकल स्टाफ एवं छात्रों ने पोस्टरों के माध्यम से आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि विश्व कैंसर दिवस हमें यह याद दिलाता है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच,स्वस्थ जीवनशैली अपनाने,तंबाकू एवं नशे से दूरी बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। डॉ.सयाना ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों,पैरामेडिकल स्टाफ और छात्रों द्वारा निकाली गई जन जागरूकता रैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की पहल पर जीवीके की मिली लैड में एक अत्याधुनिक कैंसर यूनिट की स्थापना की जाएगी, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा कैंसर रोगियों को बेहतर और समुचित इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।उन्होंने अंत में आमजन से अपील की कि वे कैंसर के प्रति सजग रहें,किसी भी प्रकार के असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें। इस मौके पर वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा ने कहा कि नशे से नाता तोड़कर स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में युवा वर्ग तेजी से नशे की ओर बढ़ रहा है,जिसे रोकने के लिए ऐसे जागरूकता अभियानों की अत्यंत आवश्यकता है। कार्यक्रम में रेडियोथैरेपी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.इंद्रा यादव ने विभाग द्वारा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर रेस्पिरेटरी विभागाध्यक्ष डॉ.विक्की बख्शी,रक्त केंद्र विभागाध्यक्ष डॉ.दीपा हटवाल,असिस्टेंट प्रोफेसर माइक्रोबायोलॉजी डॉ.जितेन्द्र देवरानी,डॉ.मोहित सैनी सहित पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कैंसर डे का उद्देश्य आजजन को जागरूक करना कैंसर दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर के कारणों,लक्षणों और उससे बचाव के प्रति जागरूक करना है। आमजन से अपील की गई कि यदि शरीर में किसी भी प्रकार का असामान्य बदलाव या लक्षण दिखाई दें,तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं। मुंह का कैंसर,बच्चेदानी का कैंसर,फेफड़ों का कैंसर,पेट का कैंसर और ब्लड कैंसर जैसी बीमारियाँ हो सकती हैं। यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी,आवाज में भारीपन,खांसते समय खून आना,शरीर का अचानक वजन कम होना या मुंह,मसूड़ों व जीभ पर लंबे समय तक न ठीक होने वाला घाव दिखाई दे,तो इसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही इलाज से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp