Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में नगर निगम के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने मेयर,पार्षदों और नगर निगम परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्षों के बाद श्रीनगर नगर निगम का गठन हुआ,जो शहर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। नगर निगम बनने के बाद शहर को अधिक बजट मिलने लगा है,जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि एक ही दिन में कुल छह कार्यक्रम संपन्न कराए गए। इनमें रजत जयंती पार्क और महादेव पार्किंग का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही धारी देवी संकेत प्रकाश बोर्ड का उद्घाटन हुआ। गौशाला के पास पशु जन्म नियंत्रण केंद्र का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा विद्युत वाहन चार्जिंग केंद्र का शिलान्यास किया गया और वाल्मीकि चौक निर्माण का भूमि पूजन भी कराया गया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में कूड़े के निस्तारण को लेकर लंबे समय से समस्या बनी हुई थी। इस समस्या के समाधान के लिए नया डंपिंग जोन चयनित किया गया,जिस पर लंबे समय बाद सहमति बनी। चयनित स्थल पर ट्रेंचिंग ग्राउंड का कार्य शुरू हो चुका है,जिससे नगर निगम क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नए पार्क के पीछे नदी का कटाव लगातार बढ़ रहा है,जिससे क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। इसे रोकने के लिए 16 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के समय श्रीनगर का बजट सीमित था,लेकिन नगर निगम बनने के बाद बजट में बढ़ोतरी हुई है,जिससे अब बड़े विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के नए कार्यालय के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट पूर्ण होने के बाद जल्द ही बजट जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। इस वर्ष अब तक 10 गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं,जबकि पूरी विधानसभा में अब तक 2900 आवास बनाकर दिए जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कई स्थानों पर बिजली की लाइनें घरों के ऊपर से गुजर रही हैं। ऐसे स्थानों की सूची पार्षदों द्वारा उपलब्ध कराई जाए,ताकि लाइन स्थानांतरण और कनेक्शन सुधार का कार्य तेजी से कराया जा सके। उन्होंने बताया कि अलकनंदा घाट का पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा और जल्द ही इसका भूमि पूजन होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 27 हजार लोगों को रोजगार दिया गया है। सरकार ने पूरे प्रदेश में 50 रजत जयंती पार्क बनाने की घोषणा की है। श्रीनगर में घर घर 24 घंटे पानी उपलब्ध कराने के लिए 70 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत की जाएगी। वहीं पौड़ी के लिए भी 60 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं दी जाएंगी। कार्यक्रम में नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी,उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp