Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर 10 फरवरी 2026 को विकास भवन सभागार हरिद्वार में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को लेकर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय स्मार्ट तकनीक और सुरक्षित विकल्प रखते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी द्वारा किया गया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देना और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से जुड़े लाभों के साथ-साथ संभावित जोखिमों के प्रति अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों को जागरूक करना रहा। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार,डिजिटल सतर्कता और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक वर्तमान समय में शिक्षा, स्वास्थ्य,प्रशासन,मीडिया और उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके साथ ही डेटा सुरक्षा, गोपनीयता,फर्जी सामग्री,साइबर जोखिम और नैतिक उपयोग जैसे विषयों पर सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। विशेषज्ञों ने तकनीक के उपयोग में सावधानियां बरतने,डिजिटल सुरक्षा उपाय अपनाने,सही जानकारी का सत्यापन करने और जिम्मेदार व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग मानव कल्याण, पारदर्शिता और सुशासन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया जाना चाहिए,ताकि तकनीक समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभा सके। इस कार्यशाला में जनपद के विभिन्न सरकारी अधिकारी और कर्मचारी,विद्यालयों के अध्यापक, छात्र और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल जिम्मेदारी अपनाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp