Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

झबरेड़ा-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद के थाना झबरेड़ा क्षेत्र में बेटियों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड देहरादून एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे थाना स्तर के जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज लाठरदेवा हुण में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं और स्टाफ को महिला संबंधित अपराधों,साइबर अपराधों,छेड़छाड़,यौन उत्पीड़न तथा बाल संरक्षण कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस द्वारा छात्राओं को यह समझाया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षित या आपत्तिजनक स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सहायता कैसे प्राप्त की जाए और कानून उनके साथ कैसे खड़ा है। पुलिस टीम ने छात्राओं को चौबीसों घंटे उपलब्ध आपातकालीन सहायता नंबर डायल 112 के उपयोग की जानकारी दी और महिलाओं को प्राप्त वैधानिक अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना,उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना और किसी भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी रुचि दिखाते हुए सवाल पूछे और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इस जागरूकता अभियान में थानाध्यक्ष अजय शाह,कांस्टेबल बसंत कुमार, महिला कांस्टेबल रीना और महिला होमगार्ड संयोगिता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp