Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग द्वारा 10 फरवरी 2026 को सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय सभागार में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यशाला की थीम स्मार्ट तकनीक और सुरक्षित विकल्प रखते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित रही। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं,अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग,साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकित सैनी ने इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान शैक्षिक वीडियो के माध्यम से इंटरनेट उपयोग के समय होने वाले खतरों,फर्जी समाचारों की पहचान,सामाजिक माध्यमों के सुरक्षित उपयोग,ऑनलाइन ठगी,डिजिटल गिरफ्तारी से जुड़ी अफवाहें,फर्जी संदेशों के माध्यम से की जाने वाली ठगी, भुगतान से संबंधित धोखाधड़ी,नकली ग्राहक सेवा, हानिकारक सॉफ्टवेयर,जासूसी सॉफ्टवेयर,दूरस्थ नियंत्रण के जरिए होने वाली ठगी,नकली वीडियो और आवाज के माध्यम से होने वाले धोखाधड़ी के मामलों तथा साइबर सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक सावधानियों पर जानकारी दी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय साझा करते हुए साइबर अपराध सहायता नंबर 1930 के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित,संतुलित और जिम्मेदार उपयोग पर प्रकाश डालते हुए इसके लाभ और संभावित जोखिमों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में आगामी केदारनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए हेली सेवा टिकट बुकिंग से संबंधित साइबर ठगी के मामलों से बचने के उपायों पर विशेष चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि केवल आधिकारिक माध्यमों से ही टिकट बुकिंग करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या फोन कॉल से सावधान रहें, ताकि श्रद्धालु ऑनलाइन ठगी का शिकार न हों। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट,जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार,सहायक निबंधक सहकारिता रणजीत सिंह राणा,प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद भास्कर सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं,अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी से सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल सतर्कता अपनाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp