Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 3 से 6 फरवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत पेचक सिलाट प्रतियोगिता में हरिद्वार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 300 से 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी मुकेश कुमार भट्ट ने बताया कि हरिद्वार की टीम ने अंडर 14 और अंडर 19 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नंदिनी 60 से 65 किलोग्राम और काजल पांडेय 47 से 51 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता रहीं। साक्षी प्लस 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल करने में सफल रहीं। कांस्य पदक विजेताओं में साक्षी 55 से 60 किलोग्राम,काजल गुप्ता 60 से 65 किलोग्राम,खुशी चौहान 51 से 55 किलोग्राम और अनोखी 50 से 55 किलोग्राम वर्ग शामिल रहीं। पेचक सिलाट में हरिद्वार को पहली बार इतने पदक प्राप्त हुए हैं। खिलाड़ियों को पिछले तीन महीनों से कोच निशा के मार्गदर्शन में निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा था। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के बल पर राज्य स्तर पर मजबूत पहचान बनाई। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब 23 और 24 फरवरी को दिल्ली में आयोजित खेलो इंडिया विमेंस लीग नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp