Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कुंभ मेला 2027 को लेकर शासन और प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।इसी क्रम में शहरी विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र में प्रस्तावित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। सचिव ने मेला क्षेत्र को स्वच्छ,सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि साधु संतों और श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा संबंधित विभाग अपने सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। निरीक्षण के दौरान पंतद्वीप चमगादड़ टापू सेक्टर में 172.01 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंतः स्रोत कूप का अवलोकन किया गया। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम के अभियंताओं को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सचिव ने स्थायी पाइपलाइन बिछाने के निर्देश भी दिए ताकि भविष्य में भी इसका उपयोग हो सके। बैरागी कैंप में 526.81 लाख रुपये की लागत से 1500 केएल क्षमता के ओवरहेड टैंक एवं नलकूप निर्माण दक्षद्वीप क्षेत्र में अंतः स्रोत कूप शिवालिक नगर में सड़क चौड़ीकरण तथा पथरी रौ नदी पर 966.61 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया गया। बैरागी कैंप दक्षद्वीप और धीरवाली पार्किंग स्थल सहित विभिन्न स्थलों पर प्रस्तावित अस्थायी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। हरकी पैड़ी को जोड़ने वाले मार्गों और पुलों का निरीक्षण करते हुए मरम्मत सौंदर्यीकरण और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खुले स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए उपयुक्त स्थानों पर शौचालय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए। डामकोठी में आयोजित समीक्षा बैठक में मेला प्रशासन जिला प्रशासन पुलिस विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्थायी प्रकृति के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समय पर पूर्ण करने तथा अस्थायी कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया। आईटीडीए पुलिस विभाग और टीसीआईएल के प्रतिनिधियों के साथ सीसीटीवी और ड्रोन सर्विलांस की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए पूर्व में स्थापित कैमरों का ऑडिट कराने और प्रमुख स्थलों को निगरानी दायरे में लाने हेतु संशोधित तकनीकी योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सचिव ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी ओर से आवागमन हेतु ओवरब्रिज निर्माण और एकीकृत योजना तैयार करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp