Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखण्ड अगस्त्यमुनि के ग्राम छिनका की अनीता देवी ने एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर आधुनिक एवं सफल कृषक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत शिवशक्ति स्वयात्त सहकारिता महड़ के सदस्यों द्वारा उनका चयन व्यक्तिगत उद्यमी के रूप में किया गया। परियोजना के तहत उन्हें 75 हजार रुपये की सहयोग धनराशि उपलब्ध कराई गई। साथ ही 1 लाख 50 हजार रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत कराया गया तथा 75 हजार रुपये स्वयं निवेश किए गए। इस प्रकार कुल 3 लाख रुपये की लागत से उन्होंने अपने एकीकृत कृषि उद्यम की शुरुआत की। वर्तमान में अनीता देवी 65 बकरियों 12 मुर्गियों 2 भैंसों तथा 1 पॉलीहाउस का सफल संचालन कर रही हैं। एकीकृत कृषि मॉडल के माध्यम से वे दुग्ध मांस अंडा और सब्जी उत्पादन से आय अर्जित कर रही हैं। स्थानीय बाजारों में उत्पादों की बिक्री से उन्हें नियमित आमदनी हो रही है,जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और जीवन स्तर में सुधार आया है। मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीक पशुपालन और स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हुए महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना है। अनीता देवी की सफलता यह दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन वित्तीय सहयोग और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp