Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे पांच श्रद्धालु रास्ता भटककर घने जंगल में पहुंच गए। अंधेरी रात और दुर्गम वन क्षेत्र में फंसे श्रद्धालुओं को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाकर सकुशल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। 13 फरवरी 2026 की रात डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ श्रद्धालु पैदल मुख्य मार्ग से भटककर जंगल में चले गए हैं और अपना सटीक स्थान नहीं बता पा रहे हैं। सूचना मिलते ही लक्ष्मणझूला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने कॉलर से लगातार संपर्क बनाए रखा और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संभावित स्थान का आकलन किया। लोकेशन से स्पष्ट हुआ कि श्रद्धालु राजाजी नेशनल पार्क के अंतर्गत विंध्यवासिनी मंदिर के पास महादेव पानी क्षेत्र में फंसे हुए हैं। यह इलाका वन्यजीवों की दृष्टि से संवेदनशील और भौगोलिक रूप से जोखिमपूर्ण माना जाता है। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर संयुक्त रेस्क्यू टीम गठित की। आवश्यक उपकरणों के साथ रात में ही जंगल में सर्च अभियान शुरू किया गया। घना जंगल पथरीले रास्ते और अंधकार के बीच टीम ने सतर्कता और साहस के साथ अभियान चलाया। संयुक्त प्रयासों से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित खोजकर बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद श्रद्धालुओं ने पुलिस और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई पर आभार जताया। रेस्क्यू किए गए श्रद्धालु चमन लाल पुत्र सुल्तान सिंह,कुलदीप पुत्र पवन कुमार,साहिल पुत्र महावीर,गोविंद पुत्र रणधीर,मनीष पुत्र सुल्तान,निवासी ग्राम जुरासी खालसा थाना सिमालखा जिला पानीपत हरियाणा,पुलिस टीम वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल,उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित,होमगार्ड मोहित पीआरडी कुंवर प्रताप,वन विभाग टीम आरक्षी गौरव,आरक्षी हरि सिंह,आरक्षी केशव,बीट सहायक सुरेंद्र।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp