Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर सहायक आचार्य एवं हिमालयी वातावरणीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी शोध प्रयोगशाला के मुख्य अन्वेषक डॉ.आलोक सागर गौतम को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका मौसम की संपादकीय समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। मौसम का प्रकाशन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा वर्ष 1950 से किया जा रहा है। यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार के अधीन संचालित समकक्ष विशेषज्ञों द्वारा समीक्षित त्रैमासिक वैज्ञानिक शोध पत्रिका है। यह जर्नल मुख्यतःअंग्रेजी भाषा में मूल शोध लेख समीक्षा लेख तथा लघु संचार प्रकाशित करता है और मौसम विज्ञान जलवायु विज्ञान मानसून अध्ययन वायुमंडलीय भौतिकी एरोसोल सूक्ष्म कण एवं वायु गुणवत्ता जलवायु परिवर्तन चरम मौसम घटनाएं तथा संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान जैसे विषयों पर केंद्रित है। भारतीय उपमहाद्वीप विशेषकर मानसूनी एवं उष्णकटिबंधीय मौसम प्रणालियों से संबंधित अनुसंधान के लिए यह एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। यह जर्नल समय-समय पर शोध सार एवं उद्धरण डाटाबेस तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग शोध सूची जैसी सूचियों में शामिल रहा है। वर्ष 2007 खंड 58,अंक 1 से इसे थॉमसन रॉयटर्स अमेरिका द्वारा विज्ञान उद्धरण सूचकांक विस्तारित तथा जर्नल उद्धरण प्रतिवेदन विज्ञान संस्करण में सूचीबद्ध एवं सारांकित किया जा रहा है। वर्ष 2024 के लिए इसका स्कोपस साइट स्कोर संदर्भ अंक 1.2 है तथा राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी द्वारा इसका मूल्यांकन अंक 6.60 निर्धारित किया गया है। नियमित अंकों जनवरी अप्रैल जुलाई एवं अक्टूबर के अतिरिक्त समसामयिक ज्वलंत विषयों पर विशेषांक भी प्रकाशित किए जाते हैं। डॉ.आलोक सागर गौतम का संपादकीय समिति में चयन विश्वविद्यालय एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उनके हिमालयी क्षेत्र में वायुमंडलीय एवं एरोसोल सूक्ष्म कण अनुसंधान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता को दर्शाता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp