Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के विकासखंड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम बीरों देवल में आयोजित मां चंडिका महावन्याथ देवरा यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। उन्होंने मां चंडिका मंदिर पहुंचकर महायज्ञ में भाग लिया और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर समिति जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री को स्थानीय बोरा गांव के महावीर लाल द्वारा हस्तशिल्प से निर्मित जौ से भरा तांबे का पाथा नाप का मापक और प्लेट भेंट की। इस अवसर पर पारंपरिक पकवान अरसा दाल की पकोड़ी और रोटने महिलाओं द्वारा बनाई गई रिंगाल की टोकरी में भेंट किए गए। साथ ही स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार प्राकृतिक रंग भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा क्षेत्र में स्टॉल स्थापित कर आमजन को राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों के बाद आयोजित यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन को सामाजिक एकता और समरसता का उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ मंदिर में हुए पुनर्निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज केदारनाथ का स्वरूप सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में भूमि अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया है तथा विभिन्न सख्त कानूनी प्रावधान लागू किए गए हैं। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
क्षेत्रीय विकास हेतु घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मां चंडिका मंदिर प्रांगण और मंदिर समूह का पुरातत्व विभाग के माध्यम से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। तहसील बसुकेदार में नवीन तहसील भवन का निर्माण किया जाएगा। लाटा बाबा विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने के प्रस्ताव पर परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
20 वर्षों बाद आयोजित दिवारा यात्रा
मां चंडिका की दिवारा यात्रा 21 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होकर लगभग 26 गांवों के भ्रमण पर रही। बीरों देवल में 15 फरवरी से नौ दिवसीय महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। 22 फरवरी 2026 को विशाल जलयात्रा तथा 24 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति के साथ महावन्याथ यात्रा सम्पन्न होगी। कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत उपाध्यक्ष रितु नेगी ब्लॉक प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी बदरी केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान महिला आयोग उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट महायज्ञ समिति अध्यक्ष डॉ.आशुतोष भंडारी महासचिव मदन मोहन डिमरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी विशाल मिश्रा पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर उप वन संरक्षक रजत सुमन मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp