Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद रुद्रप्रयाग में मिलावटी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों के विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा तथा आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखण्ड देहरादून से प्राप्त निर्देशों के क्रम में अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जिला प्रशासन एवं खाद्य संरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा के नेतृत्व में किए गए इस औचक निरीक्षण से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार द्वारा टीम के साथ रेस्टोरेंट मिष्ठान भंडार बेकरियों रिटेलर होलसेलर एवं वितरकों के प्रतिष्ठानों में विक्रय हो रहे खाद्य पदार्थों एवं मिठाइयों की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुल 8 खाद्य नमूने एकत्रित कर राज्य खाद्य विश्लेषणशाला रुद्रपुर को परीक्षण हेतु भेजे गए। इनमें संदेहास्पद मावा के 2 नमूने दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए। इसके अतिरिक्त गुलाब जामुन लड्डू‌ सूजी पास्ता रंगीन कचरी एवं सरसों के तेल के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में रंगीन एवं बासी मिठाइयां तथा एक्सपायरी बिस्कुट मसाले नूडल्स रिफाइंड तेल रंगीन चिप्स सोनपापड़ी एवं दूध पाए गए जिन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए मौके पर ही नष्ट कराया गया। दो खाद्य प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाए जाने तथा खाद्य लाइसेंस न बनाए जाने पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता मानकों का पालन करने खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय बिल के साथ करने तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। गत वर्ष ऊखीमठ क्षेत्र से लिए गए दूध के नमूने एवं न्यूट्रीलाइव सोयाबीन रिफाइंड तेल के अधोमानक पाए जाने पर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय रुद्रप्रयाग में वाद दायर किए गए थे। सुनवाई उपरांत माननीय न्यायालय द्वारा संबंधित मामलों में क्रमश ₹20,000 एवं ₹50,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।इसके अतिरिक्त एक्सपायरी खाद्य पदार्थ का विक्रय करने वाले एक कारोबारी पर ₹40,000 का अर्थदंड लगाया गया। संयुक्त अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग से सतवीर रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि होली पर्व को देखते हुए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा मिलावटखोरी एवं अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp