Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा टिहरी और कोटेश्वर बांध परियोजना क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की व्यापक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। राज्य में समय-समय पर होने वाली क्लाउडबर्स्ट भारी बारिश और भूस्खलन जैसी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभ्यास किया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान टिहरी बांध के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में लगातार बारिश भूस्खलन तथा क्लाउडबर्स्ट की स्थिति का परिदृश्य तैयार किया गया। टिहरी जलाशय का जलस्तर लगभग 830 मीटर फुल रिजर्वायर लेवल तक पहुंचने की स्थिति दर्शाते हुए स्पिलवे के माध्यम से 5000 क्यूमेक्स अतिरिक्त जल छोड़े जाने की संभावित स्थिति का अभ्यास किया गया जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में गंभीर स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बताई गई। इसके अलावा टिहरी जलविद्युत परियोजना के पावरहाउस में आंतरिक खराबी के कारण जनरेटर ट्रांसफॉर्मर के फटने से तेल फैलने और आग लगने की घटना तथा कोटेश्वर पावर प्लांट में हाइड्रो जनरेटर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति का भी अभ्यास किया गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए 11 मार्च को सुबह 8 बजे टिहरी पौड़ी हरिद्वार और देहरादून के जिलाधिकारियों आपातकालीन संचालन केंद्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपात सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सभी एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य प्रारंभ किया।इस अभियान में एनडीआरएफ एसडीआरएफ सीआईएसएफ सीआरपीएफ एसएसबी और आरएएफ सहित स्थानीय पुलिस प्रशासन की सक्रिय भागीदारी रही। इसके साथ ही टीएचडीसी के अधिकारियों जिला स्वास्थ्य विभाग टीएचडीसी की मेडिकल टीम और पशु चिकित्सा विशेषज्ञ भी मौके पर मौजूद रहे। चारों मॉक एक्सरसाइज स्थलों पर एएलएस और बीएलएस एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। मॉक एक्सरसाइज के उपरांत सभी सुरक्षा एजेंसियों और केंद्र तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित कर आपदा नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करना और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को बढ़ाना था। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन की सराहना करते हुए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। समापन अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक एम.के.सिंह ने मॉक एक्सरसाइज में भाग लेने वाले सभी सुरक्षा बलों के कार्मिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न अधिकारियों की उपस्थिति रही।इनमें मुख्य महाप्रबंधक टिहरी कॉम्प्लेक्स एम.के.सिंह सेवानिवृत्त मेजर जनरल अजय कुमार वर्मा वरिष्ठ सलाहकार एनडीएमए इरफान अहमद मुख्य अभियंता केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण राजकुमार नेगी अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऑपरेशन्स यूएसडीएमए उपजिलाधिकारी टिहरी स्नेहिल कुंवर सिंह क्षेत्रीय निदेशक नेशनल डैम सेफ्टी सीमा पांडेय वरिष्ठ वैज्ञानिक आईआईटी रुड़की डॉ गिरीश चंद्र जोशी कमांडेंट सीआईएसएफ गौरव तोमर कमांडेंट सीआरपीएफ शैलेन्द्र कुमार देहरादून कमांडेंट सीआरपीएफ धन सिंह बिष्ट मेरठ सेकेंड-इन-कमांड एसएसबी ललित शाह उप कमांडेंट एनडीआरएफ दीपक भट्ट जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी टिहरी बृजेश भट्ट अपर महाप्रबंधक नियोजन टीएचडीसी विपिन सकलानी अपर महाप्रबंधक सुरक्षा टीएचडीसी बी.डी.सेमवाल तथा उप महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन टीएचडीसी मोहन सिंह श्रीस्वाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। यह मॉक एक्सरसाइज सभी सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp