Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान इजरायल सहित विभिन्न खाड़ी देशों में उत्पन्न वैश्विक तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोलियम एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने इन सूचनाओं को निराधार बताते हुए नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इस संबंध में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर की संयुक्त अध्यक्षता में जिला पूर्ति विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अवगत कराया कि जनपद में घरेलू गैस (LPG) की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाए तथा कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही रिफिल बुक करें।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp