प्रदीप कुमार
भराड़ीसैंण-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने भराड़ीसैंण में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था सत्यापन अभियान और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में पुलिस नेतृत्व को मजबूत करने और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि उत्तराखंड में अच्छे चरित्र वाले और अन्य राज्यों से आने वाले लोगों का स्वागत है लेकिन संदिग्ध अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेडिकल स्टोर केमिस्ट और फार्मेसी संचालकों का भी अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए ताकि अवैध गतिविधियों और दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। बैठक में उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपाधीक्षकों से कहा कि प्रत्येक अधिकारी समय-समय पर स्वयं से यह जरूर पूछे कि जिस उद्देश्य और आदर्शों के साथ उसने पुलिस सेवा शुरू की थी क्या वह आज भी उसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक परिस्थितियों में कई बार घटनाओं से पहले ही माहौल बनने लगता है इसलिए ऐसे समय में सर्किल अधिकारियों को प्रभावी नेतृत्व और कमांड दिखाते हुए स्थिति को समय रहते नियंत्रित करना चाहिए। साथ ही ऑपरेशन स्माइल के तहत बचाए गए बच्चों का विवरण वात्सल्य पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। नए आपराधिक कानूनों के संबंध में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय क्षमता निर्माण का है लेकिन अब कई प्रावधानों को अनिवार्य रूप से लागू करना आवश्यक है। भराड़ीसैंण में भविष्य में होने वाले विधानसभा सत्रों के दौरान पुलिस ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों से फीडबैक और सुझाव भी लिए गए। बैठक के अंत में पुलिस कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी रखीं जिनमें वर्ष 2005 बैच की पीएसी की महिला पुलिसकर्मियों की पदोन्नति से संबंधित समस्या भी शामिल रही। पुलिस महानिदेशक ने इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ.वी.मुरुगेशन पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा करन सिंह नगन्याल पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद
