Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में विकासखंड थौलधार मुख्यालय कण्डीसौड़ सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं का समाधान करना उन्हें तकनीकी और वैज्ञानिक रूप से जागरूक बनाना तथा खेती से आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करना रहा। किसान दिवस में किसानों द्वारा सबसे अधिक मुद्दे जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान को लेकर उठाए गए। मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि विभाग की ओर से जिला योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों में जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए तारबाड़ लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तारबाड़ में जाल एंगल और सीसी कार्य पर अधिक खर्च आने के कारण उपलब्ध धनराशि से कम क्षेत्र में ही यह कार्य हो पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि कृषि सुरक्षा के लिए तार और एंगल विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं जबकि सीसी का कार्य ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत के माध्यम से किसी योजना के अंतर्गत कराया जाए। इससे अधिक क्षेत्र में खेतों की तारबाड़ हो सकेगी और किसानों को इसका लाभ मिलेगा। इस विषय में ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से भी सुझाव लेकर विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रमोलसारी के प्रधान कमल सिंह चौहान ने बताया कि उनके गांव में गेहूं धान राजमा हल्दी दलहन नींबू और मौसमी का उत्पादन होता है लेकिन जंगली जानवरों के कारण खेती को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने खेतों की तारबाड़ कराने की मांग की। बैलगांव के पूर्व प्रधान पवन सिंह ने बताया कि उनके गांव में खरीफ की फसलों में दलहन की खेती होती है लेकिन जानकारी के अभाव में फसलें कई बार रोगों का शिकार हो जाती हैं। उन्होंने समय पर दवा उपलब्ध कराने और किसानों को प्रशिक्षण देने की मांग की। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने जंगली सूअर और बंदरों से फसलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग से भी प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की। कृषि विभाग के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों को रोगों से बचाने के उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कदम उठा रही है और जनपद के सभी विकासखंडों में किसान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं ताकि किसानों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनीता राणा कनिष्ठ प्रमुख सबिता बनाली मुलायम सिंह रावत पूर्व ब्लॉक प्रमुख जोत सिंह बिष्ट जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp